Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां देवर की लव मैरिज का बदला उसकी भाभी को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। साहेबगंज थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव में देर रात घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर असल में किसी और को निशाना बनाने आया था, लेकिन खाट बदल जाने की वजह से भाभी उसकी गोलियों का शिकार हो गई।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय मीना देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मीना देवी के देवर सुधीर पासवान का गांव के ही रहने वाले रंजीत पासवान की बेटी से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की का पिता इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों घर छोड़कर फरार हो गए और बाद में शादी कर ली। इसी बात को लेकर आरोपी रंजीत पासवान काफी गुस्से में था।
ग्रामीणों का कहना है कि शादी के बाद से ही आरोपी लगातार धमकी दे रहा था। उसे इस बात का गुस्सा था कि उसकी बेटी परिवार की मर्जी के खिलाफ चली गई। बताया जा रहा है कि सुधीर और उसकी पत्नी शादी के बाद गांव छोड़कर कहीं और रहने लगे थे। इसी बीच आरोपी बदले की आग में जलता रहा और उसने सुधीर के परिवार को निशाना बनाने की योजना बना ली।
घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि रंजीत पासवान हथियार लेकर चुपके से घर में घुसा। उसका मकसद सुधीर की मां की हत्या करना था। जिस खाट पर रोज सुधीर की मां सोती थीं, उस रात किसी वजह से वहां मीना देवी सो रही थीं। अंधेरे में आरोपी उन्हें पहचान नहीं पाया और उन्हें ही निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा। बताया जा रहा है कि मीना देवी को चार गोलियां लगी थीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम विवाह और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।


