Bihar Crime News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शिकारगंज थाना क्षेत्र के चमही गांव में सिर्फ एक फीट जमीन के छोटे से विवाद ने बड़ा और हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच चल रहा यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई और इसी दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान चमही गांव निवासी रामचंद्र राउत के 33 वर्षीय बेटे आलोक पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही शंकर साह के साथ उनके परिवार का जमीन को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी बैठी थी, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हो पाया था।
जानकारी के मुताबिक, विवाद को सुलझाने के लिए 25 मई को अमीन बुलाकर जमीन की नापी कराने का फैसला लिया गया था। परिवार वालों को उम्मीद थी कि नापी के बाद मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन उससे पहले ही खूनी वारदात हो गई।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार की शाम शंकर साह अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ आलोक के घर पहुंचा। वहां पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की होने लगी।
इसी दौरान आलोक अपने पिता को बचाने के लिए आगे आया। आरोप है कि तभी संतोष साह ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू सीधे उसके सीने में जा लगा। गंभीर चोट लगते ही आलोक जमीन पर गिर पड़ा। परिवार वाले और आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी खून बह चुका था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल आलोक को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इस घटना में उसके पिता भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही शिकारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष साह को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।





