Motihari Hooch Tragedy : बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद जहरीली शराब का कारोबार लगातार सवालों के घेरे में रहा है। इस अवैध कारोबार ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। अब पूर्वी चंपारण के चर्चित जहरीली शराब कांड में अदालत का बड़ा फैसला सामने आया है। अप्रैल 2023 में हुए इस दर्दनाक हादसे में 44 लोगों की मौत के मामले में विशेष उत्पाद न्यायालय ने चार आरोपितों को दोषी करार दिया है। करीब तीन साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद आए इस फैसले ने एक बार फिर शराब माफिया के नेटवर्क और उसके खिलाफ कार्रवाई को चर्चा में ला दिया है।
अदालत के फैसले के बाद अब सबकी निगाहें 26 नवंबर 2026 पर टिक गई हैं। इसी दिन दोषी करार दिए गए चारों आरोपितों की सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी। यानी अगली तारीख पर यह तय होगा कि जहरीली शराब के इस जानलेवा कारोबार से जुड़े आरोपितों को कितनी सजा मिलती है।
चार आरोपितों पर अदालत का शिकंजा
पूर्वी चंपारण के इस चर्चित मामले में जिन चार आरोपितों को दोषी ठहराया गया है, उनमें अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव शामिल हैं। विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने विचारण संख्या टीआर-1598/23 में सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के अनुसार, अदालत ने चारों आरोपितों को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए), 34 और 36 के साथ भारतीय दंड विधान की धारा 304 के तहत दोषी पाया है। अब अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों के बाद अदालत सजा की अवधि पर फैसला करेगी। यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद लंबे समय तक पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे थे। अब दोषसिद्धि के बाद उन्हें मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई का इंतजार है।
11 से 15 अप्रैल 2023 के बीच मचा था मौत का तांडव
इस पूरे मामले की शुरुआत अप्रैल 2023 में हुई थी। 11 से 15 अप्रैल के बीच पूर्वी चंपारण जिले के अलग-अलग इलाकों में जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में इस जहरीली शराब का असर देखने को मिला था।
शुरुआत में लोगों के बीमार पड़ने की खबरें सामने आईं, लेकिन धीरे-धीरे मौतों का आंकड़ा बढ़ता चला गया। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अचानक मातम पसर गया। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी के घर का कमाने वाला सदस्य दुनिया छोड़ गया। देखते ही देखते इस जहरीली शराब कांड ने पूरे बिहार को झकझोर दिया। शराबबंदी वाले बिहार में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत ने प्रशासनिक व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
चार थाना क्षेत्रों में दर्ज हुई थीं प्राथमिकी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हरसिद्धि समेत संबंधित थाना क्षेत्रों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती जहरीली शराब की सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचना और पूरे नेटवर्क का पता लगाना था।
जांच को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक अमृत राज के मार्गदर्शन में अनुसंधान को आगे बढ़ाया गया। वहीं, अपराध अनुसंधान विभाग-सह-मद्यनिषेध के तत्कालीन पुलिस उपमहानिरीक्षक दलजीत सिंह के पर्यवेक्षण में मामले की जांच हुई।
इसके अलावा आर्थिक अपराध इकाई और मद्यनिषेध के अतिरिक्त प्रभार में रहे तत्कालीन डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने भी जांच की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और प्रभावित इलाकों में लगातार कैंप कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की।
15 से 20 दिनों तक अधिकारियों ने किया कैंप
इस मामले में पुलिस की जांच केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने करीब 15 से 20 दिनों तक प्रभावित क्षेत्रों में कैंप किया। इस दौरान आरोपितों की भूमिका, शराब की सप्लाई और घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों को व्यवस्थित तरीके से न्यायालय के सामने रखा गया। अनुसंधान की गुणवत्ता और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी को चार आरोपितों की दोषसिद्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
अभियोजन की मजबूत पैरवी से मिली सफलता
अदालत में इस मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक (उत्पाद) अनिल कुमार सिंह ने की। अभियोजन पक्ष ने पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों और जांच के तथ्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अनुसंधान और अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय के कारण आरोपितों को दोषी साबित करने में सफलता मिली। अब 26 नवंबर को होने वाली सुनवाई में सजा पर फैसला होगा।
शराबबंदी के बावजूद क्यों नहीं रुक रहा अवैध कारोबार?
पूर्वी चंपारण का यह मामला सिर्फ चार आरोपितों की दोषसिद्धि तक सीमित नहीं है। यह बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब के कारोबार की चुनौती को भी सामने लाता है। बिहार में अप्रैल 2016 से शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद समय-समय पर जहरीली शराब से मौतों की घटनाएं सामने आती रही हैं। इन घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान उन गरीब परिवारों को उठाना पड़ता है, जिनके घर का कोई सदस्य सस्ती शराब के लालच या अवैध कारोबार के जाल में फंस जाता है।ऐसे में पूर्वी चंपारण के इस मामले में चार आरोपितों को दोषी करार दिया जाना पुलिस और अभियोजन के लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, पीड़ित परिवारों के लिए असली सवाल अब सजा को लेकर है।
26 नवंबर को अदालत का अगला फैसला यह तय करेगा कि 44 लोगों की मौत से जुड़े इस मामले में दोषी पाए गए चार आरोपितों को कितनी सजा मिलती है। करीब तीन साल बाद आए इस फैसले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शराबबंदी वाले बिहार में जहरीली शराब का कारोबार पूरी तरह कब बंद होगा।





