Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई है। छठ पर्व को लेकर बिहार के घरों में उत्साह का माहौल है। इस महापर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश में रहने वाले लोग भी अपने घर लौट रहे हैं। इसी बीच मोतिहारी के भवानीपुर जिरात का एक परिवार चर्चा में है, जिसके सदस्य चीन समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में नौकरी और पढ़ाई कर रहे हैं। इस बार परिवार के कई सदस्य खासतौर पर छठ मनाने के लिए चीन से अपने घर पहुंचे हैं।
रविशंकर वर्मा के परिवार के कई सदस्य चीन में नौकरी करते हैं, जबकि कुछ सदस्य जयपुर और दूसरे राज्यों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। छठ के अवसर पर परिवार के सभी सदस्यों का घर पर जुटान हुआ है। विदेश और दूसरे राज्यों से लौटे परिवार के सदस्य छठ की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटे हैं। कोई गेहूं सुखाने में मदद कर रहा है तो कोई पूजा के बर्तन साफ कर रहा है। इसके साथ ही घर में छठ के पारंपरिक गीत भी गूंज रहे हैं।
परिवार के सदस्य इंजीनियर नीलकमल और उनकी पत्नी रोशना श्रीवास्तव चीन में नौकरी करते हैं। दोनों विशेष रूप से छठ पर्व मनाने के लिए चीन से मोतिहारी अपने घर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि छठ उनके लिए सिर्फ एक पूजा नहीं, बल्कि एक भावना और पारिवारिक जुड़ाव का पर्व है। छठ के गीत सुनने और परिवार के साथ इस महापर्व में शामिल होने की इच्छा उन्हें इस बार घर खींच लाई।
वहीं, जयपुर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे डॉ. अमोल रंजन भी छठ मनाने के लिए अपने घर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि पढ़ाई और काम के सिलसिले में बाहर रहने के कारण छठ के दौरान घर नहीं पहुंच पाना काफी परेशानी भरा होता है। इस बार छठी मैया की कृपा से परिवार के साथ पर्व मनाने का अवसर मिला है।
उन्होंने बताया कि टिकट मिलने और यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद परिवार के सभी सदस्य छठ मनाने के लिए घर पहुंचे हैं। मोतिहारी के इस परिवार में छठ को लेकर खास उत्साह है। चीन और देश के अलग-अलग हिस्सों से अपनों का घर लौटना इस महापर्व की खुशियों को और बढ़ा रहा है। यह परिवार की एकजुटता, परंपरा और छठ के प्रति अटूट आस्था की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





