MADHUBANI: बिहार के मधुबनी जिले में एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा गांव के पास पुलिस की बोलेरो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कंटेनर भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पुलिस वाहन चालक तेज नारायण साह की दरभंगा के डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा गांव के पास एनएच-27 पर कट के नजदीक हुई। मधुबनी पुलिस केंद्र की बोलेरो गाड़ी संख्या BR 01PK 5114 ड्यूटी पर थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढे में टायर चले जाने के कारण बोलेरो अनियंत्रित हो गई और एक ट्रक से टकराकर पलट गई।
हादसे में बोलेरो चालक तेज नारायण साह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल फुलपरास अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा स्थित डीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद एनएच-27 पर यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट





