DARBHANGA:दरभंगा में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। परिवार दुर्गा पूजा के मौके पर घर से बाहर गया था और पीछे से चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला।
चोर सोने-चांदी के गहने, नकदी, मोबाइल और कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी। पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सोने के गहनों को वर्ष 2011 में करीब 15 लाख रुपये में खरीदा गया था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीसागर का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पीयूष कुमार 19 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ दुर्गा पूजा मेला घूमने के दौरान बेनीपट्टी स्थित ससुराल गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया।
शाम को जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। दोनों कमरों की अलमारियां टूटी हुई थीं और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के गहने और करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी हुए सोने के गहनों को वर्ष 2011 में करीब 15 लाख रुपये में खरीदा गया था। इसके अलावा चोर मोबाइल फोन, पासपोर्ट, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और कई जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
चोरों ने घर में रखे मोबाइल फोन को भी तोड़ दिया। यहां तक कि बच्चों की गुल्लक तोड़कर उसमें रखे पैसे भी निकाल लिए। इस घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने सदर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और संभावित साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
दुर्गा पूजा के लिए घर से निकले परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि लौटने पर उन्हें ऐसी घटना का सामना करना पड़ेगा। गहने और नकदी के साथ जरूरी दस्तावेजों की चोरी ने परिवार की परेशानी बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।





