MADHUBANI: मधुबनी से पटना जा रही एक प्राइवेट बस सोमवार की दोपहर सकरी थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। हादसा सकरी थाना से करीब 500 मीटर पहले NH-27 पर हुआ, जहां बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब दर्जनभर यात्री घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट





