ASI Firing Case: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही में एएसआई की अंधाधुंध फायरिंग के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा है. मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और फरार आरोपी पुलिसकर्मी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी एएसआई चंद्र मोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है.
दरअसल, बीती देर रात बाबूबरही के एक पुलिस पिकेट में तैनात एएसआई चंद्र मोहन सिंह ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस घटना में चार लोगों को गोली लगी थी. गोली लगने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है.
फायरिंग के बाद से फरार है आरोपी ASI
घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी एएसआई चंद्र मोहन सिंह फरार है. मामले में मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उसकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने और उसकी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है.
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए. लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी पुलिसकर्मी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
स्थानीय स्तर पर घटना के पीछे एक महिला से आरोपी एएसआई के कथित संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि एएसआई अक्सर महिला के घर आता-जाता था. ग्रामीणों ने कथित तौर पर उसे आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और घर का दरवाजा बंद कर दिया था. इसके बाद खुद को बचाने के दौरान एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी.
हालांकि, घटना के पीछे की इन परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस आरोपी एएसआई की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.




