MADHEPURA: मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर प्रखंड में पंचायती राज विभाग के कार्यपालक सहायक राजू सरदार की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत के बाद भारी बवाल मच गया। गुस्साए कार्यपालक सहायकों, परिजनों और ग्रामीणों ने सिंहेश्वर के बैरबन्ना चौक NH 131 को जाम कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और इलाके में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
बताया गया कि राजू सरदार बेहरी पंचायत में किसान निबंधन एवं अन्य विभागीय कार्य पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामनगर के पास विपरीत दिशा से आ रही बांस लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें नेपाल के विराटनगर स्थित न्यूरो अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही कार्यपालक सहायकों और ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग बैरबन्ना चौक NH 131 पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजू सरदार अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।
कार्यपालक सहायक संघ के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने सरकार से मृतक के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा पर सरकारी नौकरी तथा विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार ठोस घोषणा नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन स्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। सड़क जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।




