Bihar News: बेगूसराय शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल नगर थाना क्षेत्र के ट्रैफिक चौक स्थित होटल जेम्स रेस्टोरेंट लजीज परिसर में शनिवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में स्थित बंद पड़े लड्डू गोपाल मिठाई दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना करीब चार बजे की है। बंद दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल कर्मी समय पर नहीं पहुंचते तो आग आसपास स्थित अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
शुभम भारद्वाज ने बताया कि संबंधित मिठाई दुकान लगभग दो वर्षों से बंद पड़ी हुई थी। अचानक दुकान के भीतर आग लगने की जानकारी मिली, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
दमकल विभाग की तत्परता से आग पर नियंत्रण तो पा लिया गया, लेकिन इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से हुए आर्थिक नुकसान ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।



