Bihar Crime News: जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस घटना में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मारपीट की सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
दोनों पक्षों के 10 लोग घायल
मारपीट की घटना में एक पक्ष से अरविंद कुमार, विजय यादव, धनंजय कुमार, दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी समेत छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू किया. वहीं दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी की स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.
दूसरे पक्ष से द्वारिका यादव समेत चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. इन घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में एक पक्ष की ओर से विजय यादव और दूसरे पक्ष की ओर से द्वारका प्रसाद ने आवेदन दिया है. दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.





