गोपालगंज के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी में बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार रात खूनी झड़प में बदल गया. आरोप है कि होटल के दो कर्मचारियों ने रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश सिंह पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल अनीश की इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में होटल के दो कर्मचारियों राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है.
घटना नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी की है. बताया जा रहा है कि शनिवार रात बाइक की चाबी को लेकर अनीश सिंह और होटल के कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था. कहासुनी बढ़ने के बाद मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया.
आरोप है कि इसी दौरान होटल के दो कर्मचारियों ने अनीश सिंह की पीठ पर चाकू से तीन वार किए. घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे 18 वर्षीय सोनू कुमार भी घायल हो गए. अचानक हुई चाकूबाजी के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
गंभीर रूप से घायल अनीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अनीश ने दम तोड़ दिया.
अनीश की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को होटल के सामने रखकर हंगामा किया. लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने होटल कर्मचारियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने हत्या के आरोप में होटल के कर्मचारी राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस प्रारंभिक जांच में बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद को घटना की वजह मान रही है.
घटना में घायल सोनू कुमार का भी इलाज कराया गया है. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
अनीश की मौत के बाद होटल के सामने काफी संख्या में लोग जुट गए. स्थिति को देखते हुए सदर विधायक सुभाष सिंह और सदर एसडीपीओ चंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.





