Bihar News: बिहार के जमुई जिले के चकाई ग्रामीण इलाके में सड़क निर्माण में अनियमितता और भारी धांधली का मामला सामने आया है। नव-निर्मित सड़क पर अलकतरा बिछाए जाने के कुछ ही देर बाद वह हाथ से छूते ही पापड़ी की तरह उखड़ गई।
निर्माण कार्य में मानकों की खुली अनदेखी देख आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया और निर्माण कार्य में लगे वाहनों को रोक दिया। सड़क की हकीकत दिखाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य से पहले न तो सतह की सफाई की गई और न ही रोलर से गिट्टी की सही कुटाई हुई।
डामर की पतली परत के ठीक नीचे केवल धूल और मिट्टी भरी है। ग्रामीणों ने हाथ से ही सड़क की परत उखाड़कर और नीचे की मिट्टी दिखाकर जेई व संवेदक की कार्यशैली पर कड़ा आक्रोश जताया। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क अभी से धंसने लगी है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मानक के अनुरूप काम नहीं होगा, तब तक कार्य पूरी तरह स्थगित रहेगा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों ने उन्हें लिखित आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण में हुई इस धांधली की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने का फैसला किया है।





