JAMUI: जमुई के चोरमारा जंगल क्षेत्र में CRPF ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दो देसी पिस्टल और .303 बोर के 11 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार और कारतूस को सुरक्षा बलों ने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर ए/215 बटालियन CRPF, चोरमारा और 215 बटालियन की QAT टीम की ओर से क्षेत्र में लगातार विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुरक्षा बलों को संदिग्ध गतिविधि से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने चोरमारा और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया।
विशेष अभियान का नेतृत्व QAT टीम के द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार और सहायक कमांडेंट संतोष कुमार सुमन ने किया। संयुक्त टीम ने निर्धारित क्षेत्र में सघन तलाशी ली। इसी दौरान एक संदिग्ध स्थान से दो देसी पिस्टल और .303 बोर के 11 राउंड कारतूस बरामद हुए।
सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद को अपने कब्जे में लेकर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जंगल और पहाड़ी इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लगातार जारी रहेगा सर्च अभियान
CRPF की इस कार्रवाई से चोरमारा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सक्रियता सामने आई है। सुरक्षा बल क्षेत्र में अवैध हथियारों और संभावित नक्सली गतिविधियों पर निगरानी के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।
कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने अभियान में शामिल QAT टीम और ए/215 बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों की सराहना की। उन्होंने जवानों की सतर्कता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर CRPF पूरी तरह सजग है। सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ विशेष अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।







