Bihar Crime News: गोपालगंज के उचकागांव में गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने की बात कहकर घर से निकले 31 वर्षीय युवक सुनील कुमार शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. घर से निकलने के करीब दो दिन बाद उसका शव सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर घाट स्थित गंडक नदी से बरामद हुआ था. पुलिस ने मामले में नामजद गर्लफ्रेंड समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
उचकागांव थाना क्षेत्र के असनंद टोला निवासी सुभाष शर्मा का 31 वर्षीय बेटा सुनील कुमार शर्मा 6 सितंबर की शाम करीब चार बजे अपने गांव के दोस्त विजय कुमार सिंह के साथ घर से निकला था. देर शाम विजय अपने घर लौट आया, लेकिन सुनील वापस नहीं आया.
अगले दिन भी सुनील के घर नहीं लौटने पर उसके बड़े भाई सुधीर शर्मा ने विजय से पूछताछ की. विजय ने बताया कि सुनील मोबाइल पर बातचीत करने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसका बर्थडे मनाने गया है और अगले दिन लौटने की बात कही थी.
सुनील के कई दिनों तक घर नहीं लौटने के बाद उसके भाई ने उचकागांव थाने में आवेदन दिया. पुलिस ने असनंद टोला निवासी विजय कुमार सिंह और बंकीखाल निवासी 25 वर्षीय रंजीता कुमारी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने सुनील की तलाश के साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी.
गंडक नदी से मिला शव
इसी दौरान घर से निकलने के करीब दो दिन बाद सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर घाट स्थित गंडक नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बाद में शव की पहचान लापता सुनील कुमार शर्मा के रूप में हुई. शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने अपहरण के मामले को हत्या में बदलकर जांच आगे बढ़ाई.
गर्लफ्रेंड को घर से गिरफ्तार किया
पुलिस ने मामले में नामजद रंजीता कुमारी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश शुरू की गई.
पुलिस ने बताया कि रंजीता की निशानदेही पर सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी संदीप कुमार और रविश कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें भी न्यायालय में पेश किया.
पुलिस के अनुसार, रंजीता कुमारी, संदीप कुमार और रविश कुमार तिवारी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या की वजह, घटना में अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है.





