Bihar News: बिहार के गया जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय मेराज अहमद अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को शादी के लिए राजी कराने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर के ऊपर पहुंचकर युवक ने कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसके परिजन शादी के लिए सहमत नहीं होंगे, वह नीचे नहीं उतरेगा।
मामला गया के डुमरिया प्रखंड के बोधिबीघा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मेराज के मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोबाइल टावर के शिखर पर पहुंचने के बाद मेराज ने नीचे मौजूद ग्रामीणों को बताया कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है। उसका कहना था कि प्रेमिका और उसके परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।
मेराज ने कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका और उसके घरवाले शादी के लिए राजी नहीं होंगे, वह टावर पर ही रहेगा। उसने यह भी कहा कि अगर शाम तक शादी के लिए सहमति नहीं मिली तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। युवक की इस बात के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मेराज के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। ग्रामीण भी लगातार उससे सुरक्षित नीचे आने की अपील करते रहे।
जब काफी समझाने के बाद भी मेराज नीचे नहीं उतरा तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने की कोशिश शुरू की। वहीं, मेराज की प्रेमिका के परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे भी मोबाइल टावर के पास पहुंच गए। पुलिस, परिजन और ग्रामीण लगातार मेराज से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन युवक बार-बार यही कहता रहा कि शादी के लिए सहमति मिलने के बाद ही वह टावर से नीचे आएगा।
घटना की खबर आसपास के इलाकों में भी फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ग्रामीण मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। मेराज के परिजन और उसकी प्रेमिका के परिवार वालों ने लोगों से वीडियो नहीं बनाने की अपील की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी लोगों को वीडियो बनाने से मना किया। बताया गया कि टावर पर मौजूद मेराज भी लोगों से घटना का वीडियो नहीं बनाने और इसे मीडिया में नहीं चलाने की गुहार लगाता रहा। हालांकि, इसके बावजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
मेराज को टावर से नीचे उतारने की कोशिश करीब दो घंटे तक चलती रही। इस दौरान पुलिस, परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाते रहे। इसी बीच मेराज और उसकी प्रेमिका के परिवार के बीच बातचीत भी हुई।आखिरकार प्रेमिका ने मेराज के साथ शादी के लिए राजी होने की बात कही। प्रेमिका की ओर से सहमति मिलने के बाद मेराज टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। इस तरह करीब दो घंटे से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा खत्म हुआ। मेराज के नीचे उतरने के पीछे प्रेमिका की ओर से शादी के लिए मिली सहमति अहम रही।
बताया जा रहा है कि मेराज अहमद और गांव की ही एक युवती के बीच पिछले दो-तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों परिवारों की ओर से शादी के लिए सहमति नहीं मिल रही थी। परिजनों की मंजूरी नहीं मिलने के कारण दोनों के रिश्ते में परेशानी बढ़ने लगी थी।
बताया गया कि प्रेमिका भी धीरे-धीरे मेराज से दूरी बनाने लगी थी। इस स्थिति से परेशान होकर मेराज ने प्रेमिका और उसके परिवार को शादी के लिए राजी कराने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया।फिलहाल, करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम का अंत तब हुआ, जब प्रेमिका ने शादी के लिए सहमति जताई और इसके बाद मेराज सुरक्षित रूप से मोबाइल टावर से नीचे उतर आया।





