बिहार में जमीन पर कब्जे और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने का खेल कितना बड़ा हो सकता है, इसकी एक चौंकाने वाली तस्वीर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में सामने आ रही है। पटना से लेकर गया और बोधगया तक फैले कथित भू-माफिया नेटवर्क की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। जांच के केंद्र में भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसका गिरोह है। आरोप है कि इस गिरोह ने गरीबों, कमजोर लोगों और गांव से बाहर रहने वाले जमीन मालिकों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जे का खेल चलाया।
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा 51 पन्नों की उस गोपनीय डायरी की हो रही है, जिसे ईओयू ने छापेमारी के दौरान बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इस डायरी में कई पदाधिकारियों के साथ कथित लेन-देन का हिसाब दर्ज है। जांच एजेंसी अब डायरी में लिखी गई जानकारियों का सत्यापन करा रही है। यदि इसमें दर्ज विवरण सही पाए जाते हैं तो जमीन के इस कथित साम्राज्य से जुड़े कई प्रभावशाली चेहरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
गरीबों की जमीन पर नजर, धमकी देकर कराते थे रजिस्ट्री
ईओयू की जांच में गिरोह की कथित कार्यशैली का जो खुलासा हुआ है, वह जमीन कारोबार में सक्रिय माफिया नेटवर्क की गंभीर तस्वीर पेश करता है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य सबसे पहले ऐसी जमीनों की पहचान करते थे, जिनके मालिक आर्थिक रूप से कमजोर हों या लंबे समय से गांव से बाहर रह रहे हों।
इसके बाद जमीन मालिकों पर दबाव बनाया जाता था। उन्हें धमकाने, कानूनी विवाद में उलझाने और तरह-तरह से परेशान करने के बाद जमीन अपने, परिजनों या गिरोह के दूसरे सदस्यों के नाम पर बेहद कम कीमत में रजिस्ट्री कराने का आरोप है। गिरोह के कथित आतंक के कारण कई पीड़ित शिकायत करने से भी बचते रहे।
अरबों की जमीन महज डेढ़ करोड़ में!
जांच में गया जिले के शेरघाटी से जुड़ा एक मामला खास तौर पर सामने आया है। ईओयू के अनुसार, यहां अरबों रुपये बाजार मूल्य वाली जमीन की रजिस्ट्री महज डेढ़ करोड़ रुपये में करा ली गई। हैरानी की बात यह है कि इस जमीन का सरकारी मूल्यांकन ही करीब 28 करोड़ रुपये बताया गया है।अब जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि जमीन की वास्तविक कीमत कितनी थी, रजिस्ट्री में कम रकम क्यों दिखाई गई और खरीदारी के लिए इस्तेमाल किए गए पैसे का स्रोत क्या था।
जमीन खरीदने में नकदी का बड़ा खेल, रजिस्ट्रीकर्मी भी जांच के घेरे में
ईओयू को जांच के दौरान ऐसे कई रजिस्ट्री दस्तावेज मिले हैं, जिनमें भुगतान का पूरा विवरण दर्ज नहीं है। शुरुआती जांच में भारी मात्रा में नकद रकम के इस्तेमाल की बात सामने आई है। एजेंसी को आशंका है कि इस पैसे का संबंध अपराध से अर्जित संपत्ति से हो सकता है।
यही वजह है कि अब सिर्फ जमीन खरीदने वालों की ही नहीं, बल्कि रजिस्ट्री प्रक्रिया में शामिल निबंधनकर्मियों की भूमिका भी जांची जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि भुगतान के वास्तविक स्रोत को छिपाने में किसी अधिकारी या कर्मचारी ने मदद तो नहीं की।
बस एजेंट से करोड़ों की संपत्ति का मालिक बनने का आरोप
इस पूरे नेटवर्क में बोधगया निवासी रोशन राज उर्फ रोशन उर्फ धनंजय की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बताया जाता है कि रोशन पहले साधारण बस एजेंट था। आरोप है कि भगत यादव के संपर्क में आने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया।जांच के अनुसार, उसने अपने और अपनी पत्नी अनुपमा कुमारी के नाम पर कई जमीनें खरीदीं। बोधगया में मगध विश्वविद्यालय के पास आलीशान मकान बनवाने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, औरंगाबाद निवासी सुधीर पांडेय को भगत यादव का सहयोगी बताया गया है। आरोप है कि वह जमीन कब्जाने के लिए उपयुक्त भूखंड चिह्नित करता था और जमीन की खरीदारी के लिए नकद रकम भी उपलब्ध कराता था।
बेटी के नाम कंपनी, बेटे के नाम ईंट-भट्ठा
ईओयू की जांच में भगत यादव के परिवार के नाम पर मौजूद संपत्तियों और कारोबार का भी पता चला है। पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित चकारम के सुखिया महल अपार्टमेंट में उसका फ्लैट होने की जानकारी मिली है। जांच एजेंसी के अनुसार, उसकी बेटी अनन्या कुमारी के नाम पर अनन्या क्रॉप्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। वहीं, बेटे आर्यन कुमार के नाम पर मोनू इंटरप्राइजेज नाम से ईंट-भट्ठा संचालित होने की जानकारी मिली है।गिरोह पर अवैध उत्खनन और परिवहन के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। अब ईओयू इन कारोबारों के माध्यम से कथित मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका की भी पड़ताल कर रही है।
56 जमीनों की रजिस्ट्री, कुल रकबा करीब 2500 कट्ठा
जांच के दौरान मिले दस्तावेजों ने संपत्ति के आकार को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ईओयू के अनुसार, वर्ष 2008 से 2026 के बीच 56 जमीनों की रजिस्ट्री के दस्तावेज मिले हैं। इनका कुल रकबा करीब ढाई हजार कट्ठा बताया जा रहा है।इसके अलावा वर्ष 2014 से 2026 के बीच 827 डिसमिल जमीन की 22 डीड के जरिए करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये में बिक्री का विवरण भी मिला है। एजेंसी अब इन जमीनों की खरीद-बिक्री और वास्तविक कीमत का मिलान कर रही है।
77 लाख की आय, लेकिन संपत्तियों का हिसाब करोड़ों में!
जांच में आय और संपत्ति के बीच अंतर को लेकर भी सवाल उठे हैं। ईओयू के मुताबिक, वर्ष 2021 से 2026 के बीच भगत यादव ने अपनी आय करीब 77 लाख रुपये दिखाई है। वहीं, उसकी पत्नी सुनीता देवी ने वर्ष 2022 से 2026 के बीच करीब 31 लाख रुपये की आय दर्शाई है।इसके बावजूद इसी अवधि में परिवार के नाम पर आठ जमीन और फ्लैट करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये में खरीदे जाने की जानकारी मिली है।
मामले में बेटे आर्यन कुमार के नाम पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 21.40 लाख रुपये की दो डीड के जरिए जमीन खरीदने का भी ब्योरा सामने आया है। खास बात यह है कि उसका आयकर रिटर्न शून्य बताया गया है। अब ईओयू इन सभी लेन-देन में पैसे के स्रोत और आयकर नियमों के अनुपालन की जांच कर रही है।
अब किस-किस पर गिरेगी जांच की गाज?
फिलहाल ईओयू की जांच कई मोर्चों पर आगे बढ़ रही है। 51 पन्नों की गोपनीय डायरी, ढाई हजार कट्ठा जमीन, करोड़ों के संदिग्ध लेन-देन, नकद भुगतान और परिवार के सदस्यों के नाम पर कंपनियों व संपत्तियों की पड़ताल की जा रही है।सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी संपत्ति जुटाने के पीछे वास्तव में कितने लोगों का नेटवर्क काम कर रहा था और कथित तौर पर इस खेल में किन-किन अधिकारियों की भूमिका रही है। जांच एजेंसी के अनुसार, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन का सत्यापन पूरा होने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। बिहार के जमीन कारोबार में सक्रिय कथित माफिया नेटवर्क के लिए आने वाले दिन काफी अहम माने जा रहे हैं।





