Bihar News : बिहार के सारण जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मांझी थाना क्षेत्र में बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले एनएच-19 स्थित जयप्रभा सेतु से 25 वर्षीय इंजीनियरिंग की छात्रा ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। नदी में गिरने के बाद युवती तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते लापता हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा नाविकों की मदद से छात्रा की तलाश शुरू कराई गई।
समाचार लिखे जाने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी का जलस्तर अधिक होने और तेज धारा के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पुल के पिलर के पास पहुंची थी छात्रा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा दोपहर के समय जयप्रभा सेतु के पिलर नंबर दो के पास पहुंची थी। कुछ देर तक वह वहां रुकी रही। इसके बाद अचानक उसने पुल की रेलिंग के ऊपर से सरयू नदी में छलांग लगा दी।युवती के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पानी में गिरने के बाद वह तेज धारा के साथ बहती हुई धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव काफी तेज था और पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसके पास नहीं पहुंच सके।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
मां ने पहुंचकर दी बेटी के नदी में कूदने की सूचना
घटना के कुछ देर बाद एक महिला रोते हुए स्थानीय उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर पहुंची। महिला ने बताया कि नदी में छलांग लगाने वाली युवती उसकी बेटी है। महिला ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में बताई।
रेखा देवी के अनुसार, नदी में छलांग लगाने वाली युवती उनकी 25 वर्षीय बेटी सौम्या सिंह है। परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, सौम्या ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ली थी और फिलहाल दिल्ली के बदरपुर इलाके से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। बेटी के इस तरह अचानक नदी में छलांग लगाने की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी किनारे मौजूद रहे।
नाव और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश सीमा की पुलिस भी सक्रिय हो गई। दोनों राज्यों की पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से सरयू नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।नदी की तेज धारा के कारण छात्रा को तलाशने में रेस्क्यू टीम को परेशानी हो रही है। नाव के जरिए नदी के संभावित हिस्सों में तलाशी ली जा रही है। स्थानीय लोग भी पुलिस और बचाव दल की मदद कर रहे हैं। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती छात्रा का पता लगाना है। समाचार लिखे जाने तक छात्रा जीवित मिली है या उसका शव बरामद हुआ है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी।
छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर सौम्या ने नदी में छलांग लगाने जैसा कदम क्यों उठाया। परिवार से भी इस संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस छात्रा के हाल के हालात, परिवार और पढ़ाई से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, छात्रा के नदी में कूदने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना की वजह के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
दो दिनों में नदी में छलांग लगाने की दूसरी घटना
सारण जिले में नदी के पुल से छलांग लगाने की यह दो दिनों के भीतर दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले बुधवार को मकेर थाना क्षेत्र के रेवा स्थित गंडक नदी पुल से एक संगीत शिक्षक शेखर सुमन ने नदी में छलांग लगा दी थी। इस घटना में शिक्षक की मौत हो गई थी।
एक घटना की जांच पूरी भी नहीं हुई थी कि मांझी के जयप्रभा सेतु से छात्रा के सरयू नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आ गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम की नजरें सरयू नदी पर टिकी हैं। छात्रा की तलाश के लिए अभियान जारी है और पुलिस उसके बारे में किसी भी सुराग की तलाश कर रही है।





