Bihar Teacher News: बिहार के वैशाली जिले में एक नवविवाहित BPSC शिक्षिका के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है. जंदाहा थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव में रहने वाली 27 वर्षीय शिक्षिका शिवानी कुमारी के गायब होने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. शिक्षिका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी की हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी हुई है.
लापता शिक्षिका बिदुपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव निवासी कुंदन राय की पुत्री हैं. उनकी शादी गौरव अभिषेक से हुई थी. बताया गया है कि उनके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. वहीं, ससुर अभिनंदन कुमार राय जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं और सास भी शिक्षिका हैं.
पिता को फोन कर ससुराल बुलाया, घर पहुंचने पर गायब मिली बेटी
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की दोपहर शिक्षिका के ससुर ने उनके पिता कुंदन राय को फोन कर किसी काम के सिलसिले में ससुराल बुलाया था. जब पिता मुर्तुजापुर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी घर से गायब है. इससे पहले ससुराल पक्ष की ओर से महिसौर थाने में भी शिक्षिका के लापता होने की सूचना दी गई थी.
पिता के अनुसार, गुरुवार सुबह जब वह दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लगा हुआ था. ससुराल पक्ष के सभी सदस्य वहां से गायब थे. परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी बंद मिल रहे थे. इसके बाद मायके पक्ष के कई लोग मुर्तुजापुर पहुंच गए और बेटी की तलाश शुरू की.
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
शिक्षिका के पिता कुंदन राय ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. नया मकान बनवाने के नाम पर भी उससे पैसों की मांग की जा रही थी. शिवानी फोन पर कई बार उन्हें ससुराल में प्रताड़ित किए जाने की जानकारी देती थी.
पिता के मुताबिक, 5 फरवरी 2026 को सोनपुर के जन्नत गार्डन में शिवानी की शादी हुई थी. शादी में उन्होंने करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दहेज में दिया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से पैसों की मांग की जा रही थी.
कुंदन राय ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी पर दबाव बनाकर स्कूल में 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन दिलवाया गया था. शिवानी वर्ष 2023 में BPSC के माध्यम से शिक्षिका बनी थीं और ससुराल के महिपुरा पंचायत स्थित वार्ड संख्या एक के सरकारी विद्यालय में कार्यरत थीं.
शिक्षिका के लापता होने की सूचना मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिसौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया. टीम ने शिक्षिका के कमरे से कुछ संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं.
वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. मायके पक्ष ने महिसौर थाने में आवेदन देकर मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस शिक्षिका की तलाश के साथ ही पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.





