Bihar News: बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए महंगी निजी कोचिंग या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्य में शुरू की गई निशुल्क JEE और NEET-UG कोचिंग के सकारात्मक परिणामों से उत्साहित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पहल को पूरे प्रदेश में विस्तार देने का संकल्प जताया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार की प्रतिभा अब बिहार में ही निखरेगी। उन्होंने लिखा कि मेधा किसी महंगे शहर या निजी कोचिंग की मोहताज नहीं होती। सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि पटना से शुरू हुआ निशुल्क JEE और NEET-UG कोचिंग का सफल प्रयोग अब पूरे बिहार में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। अनुशासित माहौल और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के दम पर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थी IIT, NIT, AIIMS और देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य इस व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करना है, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा जैसे शहरों में पलायन नहीं करना पड़े। साथ ही उन्हें महंगी निजी कोचिंग का आर्थिक बोझ भी नहीं उठाना पड़े।
मुख्यमंत्री के इस संदेश का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के बेहतर अवसरों को गांवों और कस्बों तक पहुंचाना है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी को अधिक सुलभ बनाना और बिहार के विद्यार्थियों को राज्य में ही बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार की प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए अब अपने ही राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सीएम ने एक्स पर लिखा, “मेधा किसी महंगे शहर या निजी कोचिंग की मोहताज नहीं होती। सही अवसर मिलने पर बिहार के ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा भी इतिहास रच देती है! पटना से शुरू हुआ निःशुल्क JEE और NEET-UG कोचिंग का यह सफल प्रयोग आज पूरे बिहार में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। अनुशासित माहौल और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के दम पर हमारे ग्रामीण, कस्बाई विद्यार्थी सीधे IIT, NIT, AIIMS और देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में अपना परचम लहरा रहे हैं। हमारा संकल्प स्पष्ट है: प्रदेशभर में ऐसी विश्वस्तरीय व्यवस्था स्थापित करना, ताकि हमारे होनहारों को न तो कोटा पलायन करना पड़े और न ही महंगी निजी कोचिंग के बोझ तले दबना पड़े। बिहार की प्रतिभा अब बिहार में ही निखरेगी!”





