CBI Raid Bihar : भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरा में हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई की टीम ने रविवार देर शाम आरोपी को उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। सीबीआई की टीम आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर प्रखंड के छोटी सासाराम स्थित उप डाकघर में पदस्थ एक ग्रामीण डाक सेवक (GDS) से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि लगातार पैसे की मांग किए जाने से परेशान ग्रामीण डाक सेवक ने पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय जांच ब्यूरो से की थी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा गया, ताकि आरोपी को इसकी भनक न लग सके।
रविवार को सीबीआई की योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक आरोपी ओवरसियर के सरकारी आवास पर पहुंचा। वहां सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर के एवज में मांगी गई 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम उसे दी गई। जैसे ही रिश्वत की रकम आरोपी के पास पहुंची, पहले से आसपास निगरानी कर रही सीबीआई की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम को अपनी ओर आता देखकर आरोपी पुरुषोत्तम कुमार घबरा गया। उसने खुद को बचाने की कोशिश में रिश्वत के 10 हजार रुपये बाहर फेंक दिए। हालांकि, मौके पर मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने उसे भागने या बच निकलने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने रिश्वत की रकम से जुड़े साक्ष्य जुटाए और मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में हुई इस गिरफ्तारी से विभाग के कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सीबीआई अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी द्वारा इससे पहले भी किसी अन्य कर्मचारी या ग्रामीण डाक सेवक से इसी तरह रिश्वत की मांग की गई थी या नहीं।
मामले में सीबीआई की जांच आगे जारी है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भोजपुर में सीबीआई की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।





