ARRAH: आरा-बक्सर फोरलेन पर भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव के समीप शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक चला रहे पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जख्मी महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव निवासी स्वर्गीय हृदयनंद पांडेय के 45 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पांडेय के रूप में हुई है। वह पेशे से पुजारी थे और पूजा-पाठ कराकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, जख्मी उनकी 40 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी हैं।
घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि सुजीत कुमार पांडेय अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ शाहपुर से बिहिया जा रहे थे। इसी दौरान बिलौटी गांव के समीप एक डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुजीत कुमार पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।





