गया के डोभी इलाके में कभी अपने कथित वर्चस्व को लेकर चर्चा में रहने वाला भगत यादव उर्फ सुरेंद्र कुमार सुमन एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह कोई चुनावी बयान या राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की बड़ी कार्रवाई है। बिहार से झारखंड तक फैले उसके कथित आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को खंगालने के लिए EOU ने 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई में भगत यादव, उसकी पत्नी, बेटे और एक करीबी सहयोगी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में लाखों रुपये नकद, जमीन की रजिस्ट्री के दस्तावेज और एग्रीमेंट के कागजात मिले हैं।
लेकिन भगत यादव की कहानी सिर्फ जमीन के कारोबार तक सीमित नहीं है। करीब 25 साल पहले फिरौती के लिए अपहरण के एक मामले से शुरू हुआ उसका आपराधिक रिकॉर्ड, धीरे-धीरे कई गंभीर मामलों तक पहुंचा। बीच में राजनीति में भी किस्मत आजमाई, लेकिन टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गया। अब EOU की कार्रवाई ने उसके कथित साम्राज्य की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं।
2001 में अपहरण के केस से शुरू हुई कहानी, फिर जुड़ता गया अपराधों का कारवां
EOU की जांच में सामने आया है कि भगत यादव के खिलाफ पहला आपराधिक मामला वर्ष 2001 में गया के रामपुर थाने में दर्ज हुआ था। यह मामला फिरौती के लिए अपहरण से जुड़ा था। इसमें IPC की धारा 364ए और 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसके बाद उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होते रहे। EOU की प्राथमिकी में उसके खिलाफ 24 आपराधिक मामलों का जिक्र है। वहीं, जांच के दौरान बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों से करीब 25 मामलों का ब्योरा सामने आने की बात कही गई है।
गया के रामपुर, टिकारी, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी के अलावा झारखंड के बोकारो और धनबाद तक उसके खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र है। यानी एक ऐसा नाम, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड दो राज्यों के कई इलाकों तक फैला हुआ बताया जा रहा है।
जमीन पर कब्जे से रंगदारी तक, कई गंभीर आरोपों का जिक्र
EOU की प्राथमिकी में भगत यादव पर कई तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, उसके गिरोह पर गरीब ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जा करने, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रंगदारी वसूलने और हथियार के बल पर लूटपाट करने जैसे आरोप हैं।इसके अलावा फिरौती के लिए अपहरण, अवैध बालू खनन और भंडारण, हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया है।
जांच एजेंसी को संदेह है कि इन कथित गतिविधियों के जरिए बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई। इसी संपत्ति के स्रोत और उसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क का पता लगाने के लिए EOU ने लंबे समय तक गोपनीय तरीके से जांच की। अब छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर जमीन के कारोबार की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
राजद से टिकट की दावेदारी, इनकार हुआ तो निर्दलीय बन गया प्रत्याशी
भगत यादव का नाम सिर्फ आपराधिक मामलों तक सीमित नहीं रहा। उसकी राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा में रही हैं। वह लंबे समय तक राजद से जुड़ा रहा। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उसने शेरघाटी सीट से राजद का टिकट पाने के लिए दावेदारी की थी।
हालांकि, पार्टी ने उसे टिकट नहीं दिया। इसके बाद उसने हार मानने के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। इस तरह जमीन के कारोबार और आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रहने वाला भगत यादव चुनावी राजनीति में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश करता नजर आया।
पत्नी, बेटा और सहयोगी भी जांच के दायरे में
EOU की प्राथमिकी में भगत यादव के परिवार और करीबियों से जुड़े नामों का भी उल्लेख है। उसके बेटे के खिलाफ डोभी थाने में 15 जुलाई को कांड संख्या 168/26 और 7 सितंबर को कांड संख्या 219/26 दर्ज होने की जानकारी दी गई है।उसकी पत्नी सुनीता कुमारी के खिलाफ भी 7 सितंबर को डोभी थाने में कांड संख्या 219/26 दर्ज होने का उल्लेख है। वहीं, सहयोगी उपेंद्र कुमार के खिलाफ 8 सितंबर को डोभी थाने में कांड संख्या 224/26 दर्ज है।
एक अन्य सहयोगी रोशन राज उर्फ रोशन कुमार के खिलाफ विष्णुपद थाने में एक, सिविल लाइंस थाने में दो और डोभी थाने में दो मामलों का जिक्र किया गया है। जांच एजेंसी अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर कथित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
आधी रात को पटना से निकली 350 पुलिसकर्मियों की टीम, 11 ठिकानों पर एक साथ रेड
इस पूरे ऑपरेशन की तैयारी भी बेहद गोपनीय तरीके से की गई थी। EOU ने 26 नवंबर को आर्थिक अपराध थाना में कांड संख्या 34/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। डीएसपी सह थानाध्यक्ष संजय कुमार झा के बयान पर दर्ज इस प्राथमिकी में कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।
कार्रवाई को अंजाम देने के लिए गुरुवार देर रात करीब दो बजे पटना से विशेष टीम रवाना हुई। एएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में 11 डीएसपी और करीब 350 पुलिसकर्मियों को अभियान में लगाया गया। शुक्रवार सुबह बिहार और झारखंड के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू हुई।
19 लाख कैश, 40 रजिस्ट्री डीड और 51 एग्रीमेंट पेपर ने बढ़ाया शक
छापेमारी के दौरान सबसे अहम बरामदगी गया के डोभी और पटना के ठिकानों से हुई। डोभी के सिंह पोखर गांव स्थित भगत यादव के आवास से उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया। यहां से तीन लाख रुपये नकद, जमीन की रजिस्ट्री के 40 डीड और एग्रीमेंट से जुड़े 51 दस्तावेज मिले।
पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित आवास से भगत यादव और उसकी पत्नी सुनीता कुमारी को गिरफ्तार किया गया। यहां से करीब 19 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए। बोधगया की विकासपुरी कॉलोनी में रोशन राज के घर पर भी लगभग 10 घंटे तक तलाशी चली। उसे गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया। वहीं, औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के शमीरनगर में सुधीर पांडेय के घर से 51 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में भी तीन सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई।
अब बेनामी संपत्तियों और जमीन के कारोबार की खुलेगी कुंडली?
डोभी इलाके में भगत यादव के कथित वर्चस्व को देखते हुए छापेमारी के दौरान STF की भी तैनाती की गई थी। स्थानीय डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था।फिलहाल EOU की जांच का सबसे अहम हिस्सा जमीन के दस्तावेज हैं। 40 रजिस्ट्री डीड और 51 एग्रीमेंट पेपर मिलने के बाद एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन किसके नाम पर खरीदी गई, वास्तविक मालिक कौन हैं और खरीद-बिक्री में किन लोगों ने पैसा लगाया।
करीब 25 साल पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से लेकर चुनावी राजनीति तक चर्चा में रहे भगत यादव के मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जमीन के इस कथित नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं? आने वाले दिनों में दस्तावेजों की जांच और गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद इस पूरे मामले में कई और नाम सामने आ सकते हैं।





