BETTIAH: सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद बिहार में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बेतिया के नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी भवानीपुर अंसारी टोला गांव का है, जहां पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर एक युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान हारून अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार हारून अंसारी अपने घर के सामने स्थित गैरमजरुआ जमीन पर हो रहे कार्य का विरोध करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि हुसैन अंसारी, सैफुद्दीन अंसारी, साकीर अंसारी, ममताज अंसारी सहित अन्य लोगों ने मिलकर हारून अंसारी के साथ मारपीट की।
मारपीट में हारून अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. बब्लू कुमार ने बताया कि घायल के माथे पर गहरी चोट लगी थी, जिसके कारण पांच टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। नवलपुर थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट





