ब्रेकिंग
शराबबंदी पर सवाल : जहानाबाद सदर अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों का कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरलजमुई में कुख्यात बालू तस्कर मंटू यादव गिरफ्तार, हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामदबिहार के भ्रष्ट अफसरों के 102 करोड़ की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया शुरू...32 Cr की प्रॉपर्टी कर ली गई सीज50 हजार रुपये घूस लेते धनरुआ अंचल कार्यालय का क्लर्क गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाईमुजफ्फरपुर: RJD स्टीकर लगी थार से युवक के कथित अपहरण का आरोप, चलती गाड़ी में मारपीटशराबबंदी पर सवाल : जहानाबाद सदर अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों का कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरलजमुई में कुख्यात बालू तस्कर मंटू यादव गिरफ्तार, हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामदबिहार के भ्रष्ट अफसरों के 102 करोड़ की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया शुरू...32 Cr की प्रॉपर्टी कर ली गई सीज50 हजार रुपये घूस लेते धनरुआ अंचल कार्यालय का क्लर्क गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाईमुजफ्फरपुर: RJD स्टीकर लगी थार से युवक के कथित अपहरण का आरोप, चलती गाड़ी में मारपीट

बेगूसराय में दिशा समिति की बैठक: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने की योजनाओं की समीक्षा, लापरवाह एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश

Bihar News: बेगूसराय में दिशा समिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर जुर्माना और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

Bihar News
© Reporter
Mukesh Srivastava
4 मिनट

Bihar News: बेगूसराय समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में रविवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक केंद्रीय वस्त्र मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचे। साथ ही जल जीवन मिशन एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर जुर्माना लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया।


बैठक में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधान परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर, विधायक कुंदन कुमार, सुरेंद्र मेहता, रजनीश कुमार, नरेंद्र कुमार सिंह, अभिषेक आनंद, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी समेत जिला स्तरीय अधिकारी और दिशा समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।


बैठक में ग्रामीण विकास, आवास, कृषि, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, स्वच्छता एवं आजीविका योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बताया गया कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत वर्ष 2026-27 में जिले की 217 पंचायतों में 36,408 योजनाओं का चयन किया गया है। वहीं जिले में 38,532 स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 4.55 लाख से अधिक परिवारों को आजीविका से जोड़ा गया है। इन समूहों को अब तक 2,561 करोड़ रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है।


प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 29,211 आवासों में से 15,780 पूर्ण हो चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण में 13,632 आवासों पर कार्य जारी है, जबकि पीएमएवाई-यू 2.0 के तहत 5,581 लाभार्थियों को कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।


कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ मौसम में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा कालाबाजारी रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। 'एक जिला-एक उत्पाद' योजना के अंतर्गत मक्का उत्पादन बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इसके अलावा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में खेती योग्य भूमि पर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभागीय समन्वय से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल-मई 2026 के दौरान जिले में 17,530 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया। जनवरी से जून 2026 तक 4,419 टीबी मरीजों की पहचान हुई तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 15,777 पोषण किट वितरित किए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 12.72 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 47 प्रतिशत है।


बैठक में साइबर अपराध नियंत्रण की समीक्षा भी प्रमुखता से हुई। एसपी ने बताया कि वर्ष 2025 में साइबर फ्रॉड के 72 मामले दर्ज हुए तथा 680 शिकायतों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 2.57 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी गई राशि होल्ड कराई गई और 36.75 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए। वहीं वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में 37 प्राथमिकी दर्ज कर 458 शिकायतों का निष्पादन किया गया। इस अवधि में 1.48 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई गई तथा 18.35 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए।


'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच बेगूसराय पुलिस और साइबर थाना ने 350 से अधिक गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई गई।


बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने साइबर अपराध नियंत्रण, फ्रॉड की राशि वापस दिलाने और ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बरामदगी में बेगूसराय पुलिस के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता, जन-जागरूकता और विभागीय समन्वय को और मजबूत करने का निर्देश दिया, ताकि प्रत्येक पीड़ित को समय पर राहत मिल सके और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

रिपोर्टिंग
H

रिपोर्टर

HARERAM DAS

FirstBihar संवाददाता