BEGUSARAI: बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-55 पर खम्हार ढाला स्थित गौतम धाम के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हार ढाला स्थित गौतम धाम के पास एसएच-55 पर सड़क हादसे में मृत बाइक सवार युवक की पहचान बड़ी सांख गांव निवासी लाल बाबू साह के 20 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि रंजीत कुमार घर से किसी निजी काम के सिलसिले में मंझौल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, मुफस्सिल थाने की पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किस वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार रंजीत कुमार की जान गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





