Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले में 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि घर में झाड़ू लगा रही युवती को अकेला पाकर एक युवक घर में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती गंदा काम की. घटना के बाद मामले को पंचायत के द्वारा दबाने और समझौता कराने की कोशिश की गई. तीन दिनों तक पंचायत में बात नहीं बनने के बाद पीड़िता अपनी बहन के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है. घटना बीते एक नवंबर की दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है. मामले में पीड़िता की बहन ने नंदकार गांव निवासी दिनेश विश्वास पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है.
घर में अकेली थी युवती, तभी पहुंचा आरोपी
पीड़िता की बहन के अनुसार, उनके घर में किराना दुकान चलती है. घटना के दिन युवती दुकान पर मौजूद थी और घर में झाड़ू लगा रही थी. उसके पिता बाहर रहते हैं, जबकि मां मजदूरी करने गांव गई हुई थी. इसी दौरान आरोपी अपनी गाड़ी दुकान के सामने लगाकर घर में दाखिल हो गया.
आरोप है कि आरोपी ने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ जबरदस्ती की. घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई. इसके बाद परिवार ने मामले को लेकर आवाज उठाई.
तीन दिनों तक पंचायत में चला समझौते का प्रयास
पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पंचायत के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों के साथ आरोपी के गांव के कुछ लोगों ने मामले को सुलझाने की कोशिश शुरू कर दी. लगातार तीन दिनों तक पंचायत कर समझौता कराने का प्रयास किया गया.
दो दिनों तक चली पंचायत में जब कोई बात नहीं बनी तो मंगलवार को पीड़िता अपनी बहन के साथ रानीगंज थाना पहुंच गई. वहां उसने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ शिकायत की.
इस मामले में रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दिनेश विश्वास को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है. पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





