ARRAH: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं राजकीय रेल पुलिस (GRP) आरा के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 के समीप स्थित पुरानी सीढ़ी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से लॉक्ड अवस्था में एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने मोबाइल फोन चोरी का होने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिश्री डोम, निवासी नया भोजपुर, जिला बक्सर के रूप में हुई है। पूछताछ एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम ने आवश्यक अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद मोबाइल फोन को जीआरपी आरा के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





