Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर आज से एनडीए के नेताओं का चुनाव प्रचार अभियान शुरू हो गया है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और एनडीए के घटक दलों के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुए। 



इस दौरान जदयू के कई बड़े नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। नवादा और नालंदा के लिए रवाना होने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने नीतीश कुमार से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।



निशांत कुमार ने कहा कि आज से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत हो रही है। वे बिहारशरीफ और नवादा में चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान एनडीए के घटक दलों के नेता भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि हम लोग चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। आज से हमारा चुनाव प्रचार शुरू हो रहा है। आज बिहारशरीफ और नवादा में प्रचार करूंगा। घटक दलों के सभी लोग मौजूद रहेंगे और हम लोग सभी सीटों पर चुनाव जीतेंगे।



वहीं, नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे निरंतर प्रयासरत हैं कि अपने पिता के विचारों, आदर्शों और निर्देशों का अनुसरण करते हुए बिहार की सेवा कर सकें और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर सकें।