Bihar Politics: बिहार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह-सुबह एक अणे मार्ग पहुंचे और पूर्व सीएम नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद ललन सिंह भी मौजूद रहे। करीब 20 मिनट तक यह मुलाकात चली। नेताओं के बीच क्या बात हुई फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार को लेकर नेताओं की बीच चर्चा हुई होगी।
दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में बहुमत साबित किया था। फ्लोर टेस्ट से पहले सदन में चर्चा के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उन्हें न तो कुर्सी से हटाया जा सकता है और न ही दिल से। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया है और उनके मार्गदर्शन में राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
सीएम ने यह भी कहा था कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को नई पहचान दी है—किसानों, मजदूरों और गरीबों को मुख्यधारा में लाया, सरकारी नौकरियों में वृद्धि की, शराबबंदी लागू की और महिला सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण काम किए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें भाजपा ने विभिन्न जिम्मेदारियां दी हैं और यह कुर्सी किसी की निजी संपत्ति नहीं है।
बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद फिलहाल कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है। सभी विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के पास हैं। ऐसे में अब सभी की नजर आने वाले दिनों में होने वाले कैबिनेट विस्तार पर है।