ब्रेकिंग न्यूज़

Bihar Teacher News : बिहार में शिक्षकों के लिए खुशखबरी; मॉडल स्कूलों के लिए ट्रांसफर शुरू; शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव Bihar News : बिजली बिल पर बड़ा फैसला आज! इस दिन से बदलेंगी दरें, 125 यूनिट फ्री रहेगा या बढ़ेगा झटका? Bihar crime news : पटना में बालू माफियाओं का आतंक: पुलिस पर हमला, जवाब में चली गोली;4 ट्रैक्टर जब्त Bihar crime news : पुलिस-ग्रामीण खूनी भिड़ंत: गोली लगने से एक की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल BIHAR NEWS : कागजों में शराबबंदी, जमीन पर मौत का खेल! सारण कांड ने खोली पोल, जहरीली शराब से 5 मौत; ADG ने खुद की पुष्टि Bihar weather: कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम चनपटिया में गिरफ्तारी के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस को बनाया बंधक, गाड़ी में की तोड़फोड़ अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक, 400 की मौत 250 घायल, तालिबान का आरोप-पाकिस्तान ने बम गिराए तेज प्रताप यादव की पार्टी JJD में मिसेज इंडिया रनर-अप हुईं शामिल, कौन हैं मोनिका मनी जानिये? मुजफ्फरपुर: पारू थाना की महिला सिपाही की संदिग्ध मौत, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, पति हिरासत में

Home / news / 1600 किलोमीटर पैदल चल कर घर पहुंचा: मां ने दरवाजा नहीं खोला, कोरोना...

1600 किलोमीटर पैदल चल कर घर पहुंचा: मां ने दरवाजा नहीं खोला, कोरोना से दरक गये रिश्ते

13-Apr-2020 08:20 AM

DESK : पूरी दुनिया में कहर बरपा रही कोरोना वायरस के खतरे के बीच कई ऐसे वाकये सामने आ रहे हैं जिससे दिल दहल जा रहा है. मुंबई से 1600 किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर लौटने वाले एक युवक के साथ ऐसा ही हुआ. वह अपने घर के गेट तक तो पहुंच गया लेकिन मां ने दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया. 


बनारस का है मामला

बनारस का रहने वाले एक युवक मुंबई के होटल में काम कर रहा था. लॉक डाउन हुआ तो होटल बंद हो गया. युवक ने अपने पांच साथियों के साथ घर लौटने की ठान ली. पैदल चलता हुआ 1600 किलोमीटर की दूरी तय कर वह युवक अपने घर बनारस पहुंच गया. लेकिन घर के दरवाजे पर दस्तक दी तो परिवार वालों ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया. 

बनारस के सबसे बड़े किराना मंडी गोला दीनानाथ इलाके का रहने वाला 25 साल का अशोक चार महीने पहले रोजी रोटी की तलाश में मुंबई गया था. मुंबई के नागपाड़ा इलाके के एक होटल में उसे काम मिला. लेकिन लॉकडाउन के दौरान होटल बंद हो गया. इसके बाद होटल मालिक ने उसे खाना-पीना देने से मना कर दिया. अशोक के साथ बनारस और पड़ोस के जिले चंदौली के पांच और युवक वहीं काम कर रहे थे. उन सभी ने पैदल ही घर जाने की ठानी और मुंबई से निकल गये. लगातार सात दिनों तक पैदल चलने के बाद वे सभी बनारस पहुंच गये. 

मां और भाई ने दरवाजा नहीं खोला

हमारे संवाददाता ने जब अशोक से बात की उसने बताया कि रामनगर और मुगलसराय में रहने वाले उसके दोस्‍त अपने घर चले गए. इसके बाद अशोक जब अपने घर पहुंचा तो कोरोना वायरस फैलने के डर से मां-भाई ने दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया. बुरी तरह थका हारा अशोक काफी देर तक दरवाजे पर बैठा रहा लेकिन परिजनों का दिल नहीं पसीजा. बाद में मोहल्ले के लोगों ने उसे अस्पताल जाकर जांच कराने की सलाह दी. 

बुरी तरह थका अशोक अपने घर से कुछ दूर पर स्थित कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में पहुंचा लेकिन वहां जांच की कोई व्यवस्था नहीं थी. परेशान अशोक सड़क पर जार-जार रोने लगा. पड़ोस के एक व्यक्ति का दिल पसीजा तो उसने अपनी कार से अशोक को बनारस के दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया जहां कोरान वायरस की जांच की सुविधा है. डॉक्टरों ने जांच में उसमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाये लेकिन फिर भी उसे 14 दिनों तक घर में अकेले रहने को कहा.

ननिहाल में भी दरवाजा नहीं खोला गया

अस्पताल से जांच के बाद अशोक फिर से अपने घऱ पहुंचा. उसने डॉक्टर का पूर्जा भी दिखाया लेकिन फिर भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला. थका हारा अशोक मोहल्ले में घूम घूम कर रोता रहा. बाद में उसे अपने ननिहाल की याद आयी. बनारस के कतुआपुरा में ही उसका ननिहाल है. लेकिन बचपन से उसे दुलारने वाली नानी और मामा-मामी ने भी घर के दरवाजे नहीं खोले. हताश अशोक वापस फिर से अपने मोहल्ले में चला आया.

देर शाम पुलिस ने घर में एंट्री दिलवायी

इस बीच मामले की खबर पुलिस को दी गयी. पुलिस टीम वहां पहुंची और अशोक के घरवालों से बात की. लेकिन फिर भी वे दरवाजा खोलने को तैयार नहीं हुए. बाद में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. इसके बाद उसके परिजन घर का दरवाजा खोलने पर राजी हुए. अशोक ने बताया कि उसे घऱ के एक कमरे में पुलिस ने रखवाया है लेकिन घर में उससे कोई बात करने तक को तैयार नहीं है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसे मास्क समेत दूसरी चीजें दी गयी हैं, जिससे वो 14 दिनों तक आइसोलेशन में रह सके.