हल्द्वानी (उत्तराखंड): आमतौर पर लंबे बाल महिलाओं की सुंदरता का प्रतीक माने जाते हैं, लेकिन उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी की रेणु धरियाल के लिए यही लंबे बाल उनकी पहचान, जुनून और विश्व रिकॉर्ड का कारण बन गए हैं। 271.50 सेंटीमीटर (8 फीट 10 इंच) लंबे बालों के साथ रेणु ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दुनिया की सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है।


मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले की रहने वाली रेणु धरियाल वर्तमान में हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में रहती हैं। बचपन से ही लंबे बाल रखने की उनकी इच्छा थी, जो समय के साथ उनके जुनून में बदल गई। उन्होंने वर्ष 2015 में अपने बाल बढ़ाने शुरू किए और लगातार उनकी देखभाल करती रहीं।


करीब 11 वर्षों की मेहनत, धैर्य और समर्पण का परिणाम यह रहा कि आज उनके बाल दुनिया में सबसे लंबे बालों के रूप में दर्ज हैं। अप्रैल 2026 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम हल्द्वानी पहुंची और उनके बालों की विधिवत जांच और माप की। माप के दौरान उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज की गई, जिसके साथ उन्होंने विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले सबसे लंबे बालों का रिकॉर्ड यूक्रेन की आलिया नासिरोवा के नाम था, जिनके बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर थी।


35 वर्षीय रेणु धरियाल बताती हैं कि इतने लंबे बालों की देखभाल करना आसान नहीं है। बालों को जमीन से दूर रखने के लिए उन्हें विशेष तरीके से चोटी बनानी पड़ती है। बाल धोने, सुखाने और सुलझाने में कई घंटे लग जाते हैं। रोजमर्रा के कामों में भी उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है, लेकिन उन्होंने कभी अपने लंबे बालों को बोझ नहीं माना।


रेणु का कहना है कि लंबे बालों को बनाए रखने के लिए धैर्य और नियमित देखभाल सबसे महत्वपूर्ण है। उनके लिए ये बाल केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक हैं, जहां लंबे बालों को हमेशा से सुंदरता और नारीत्व का प्रतीक माना जाता रहा है।


रेणु धरियाल एक कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं। वह सोशल मीडिया के माध्यम से अपने हेयर केयर रूटीन, लंबे बालों की देखभाल के अनुभव और ब्यूटी टिप्स लोगों के साथ साझा करती रहती हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।