Road Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दारोगा और कैदी समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
घायलों में 3 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) की मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापस बिहार लौट रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ हो सकता है। बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण खो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और रेलिंग पर जाकर लटक गई। इस दौरान कई यात्री खिड़कियों से नीचे एक्सप्रेस-वे पर गिर गए। हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतकों में से तीन की पहचान अभी नहीं हो पाई है।