Viral Video News: सोशल मीडिया पर इन दिनों ट्रेन के थर्ड एसी (3AC) कोच का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में एक यात्री चलती ट्रेन में अपनी अपर बर्थ पर बैठकर पूजा-पाठ करता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि यात्री ने ट्रेन के अंदर खुलेआम दीया भी जला रखा था।
यात्री की इस हरकत को देखकर आसपास सफर कर रहे लोग हैरान रह गए। कई यात्रियों ने उसे समझाने की कोशिश की और दीया बुझाने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा और किसी की सलाह नहीं मानी।
रेलवे के नियमों के अनुसार, ट्रेन के अंदर माचिस, लाइटर या किसी भी तरह की खुली आग का इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है। ट्रेन के कोच में मौजूद चादर, कंबल, पर्दे और अन्य सामान आसानी से आग पकड़ सकते हैं। ऐसे में चलती ट्रेन में दीया जलाना बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री अपर बर्थ पर बैठकर दीया जलाकर पूजा कर रहा है। आसपास मौजूद यात्री उसे लगातार समझाते हुए नजर आ रहे हैं। एक यात्री ने कहा कि धूपबत्ती तो बंद करवा दी गई है, अब दीये को भी बुझा देना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद यात्री ने उनकी बात नहीं मानी।
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @JharkhandRail नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। पोस्ट में स्पष्ट किया गया है कि यह किसी धर्म या आस्था के खिलाफ नहीं है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर एक संदेश है। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने यात्री की लापरवाही पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।