DESK: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 60 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने यह आदेश जारी किया है। इसके तहत वांगचुक के रैलियों और जुलूसों में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने BNSS की धारा 163 के तहत यह कार्रवाई की है। वांगचुक ने आरोप लगाया है कि उनके घर के बाहर दर्जनों हथियारबंद पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के चुनाव 4 दिसंबर को होने हैं। सोनम वांगचुक और स्थानीय संगठनों ने दिसंबर में चुनाव कराने के फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि कड़ाके की ठंड और बड़ी संख्या में छात्रों व कामगारों के लद्दाख से बाहर रहने के कारण हजारों मतदाता मतदान से वंचित हो सकते हैं।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि मतदान केंद्रों पर हीटर और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए अलग कतारों की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन के मुताबिक, समय पर परिषदों का गठन जरूरी है, ताकि नए निर्वाचित निकाय अगले वित्तीय वर्ष का बजट तैयार कर सकें।
वांगचुक ने क्या कहा?
नजरबंदी की जानकारी देते हुए सोनम वांगचुक ने कहा कि उनके घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तीखे सवाल उठाने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
4 दिसंबर को मतदान, 8 दिसंबर को मतगणना
लद्दाख में परिषदों की सीटें बढ़ाकर कुल 100 कर दी गई हैं, जिनमें 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। नामांकन की अंतिम तारीख 17 नवंबर, नामांकन पत्रों की जांच 18 नवंबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 20 नवंबर है। मतदान 4 दिसंबर और मतगणना 8 दिसंबर को होगी।