DESK: रुद्रपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती ट्रेन में नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग करते हुए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उत्तर प्रदेश के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। रुद्रपुर से दिल्ली जा रही ट्रेन में सवार दो यात्रियों को बदमाशों ने निशाना बनाया। दोनों यात्री रुद्रपुर में ऑटो स्पेयर पार्ट्स के होलसेल कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं और दिल्ली से सामान लाने के लिए यात्रा कर रहे थे।
बताया गया कि दोनों यात्री बी-1 कोच में सीट नंबर 37 और 38 पर बैठे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और पिस्टल तानकर उनसे पैसे की मांग करने लगे। डराने के लिए बदमाशों ने ट्रेन के बाहर की ओर दो राउंड फायरिंग भी की।
जान बचाने के लिए दोनों यात्रियों ने अपने पास रखी कुल 7 लाख रुपये की नकदी बदमाशों को सौंप दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने तुरंत इसकी सूचना अपने मालिक और बिलासपुर जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें सक्रिय हो गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।