Salman Khan: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ‘आशियाना - होप बिगिन्स विद ए सेफ शेल्टर’ अभियान से जुड़कर राहत कार्यों में सहयोग देने का फैसला किया है. इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ में बेघर हुए परिवारों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है. अभियान के तहत कुल 500 घरों का निर्माण किया जाना है.
जानकारी के अनुसार, अभियान के पहले चरण में नेपाली खुटी क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है. अब तक करीब 220 सेमी-परमानेंट घर तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें कई प्रभावित परिवारों को रहने के लिए सुरक्षित आश्रय मिल चुका है. अभियान के अगले चरण में शेष घरों का निर्माण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ मिल सके.
इस पहल का उद्देश्य केवल घर बनाना ही नहीं, बल्कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को दोबारा सुरक्षित जीवन शुरू करने का अवसर उपलब्ध कराना भी है. अभियान के माध्यम से उन लोगों को स्थायी राहत देने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके घर प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
सलमान खान के इस अभियान से जुड़ने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है. कई लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग बताया है.
असम में चल रहे राहत कार्यों में सलमान खान के अलावा कई अन्य कलाकार भी सहयोग कर रहे हैं. अभिनेता रणदीप हुड्डा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत सामग्री वितरित कर चुके हैं, जबकि अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी राहत अभियान से जुड़कर प्रभावित लोगों की मदद कर रही हैं.