RANCHI: झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सर्विसिंग के लिए खड़ी करीब छह गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं और जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक गाड़ी से शुरू हुई आग, छह वाहन चपेट में आए
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सर्विस सेंटर परिसर में खड़ी एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोगों को आग की जानकारी हुई, तब तक करीब छह वाहन जल चुके थे। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकल टीम और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
सदर थाना पुलिस के अनुसार, फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, सर्विस सेंटर में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।