DESK: भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल ने अचानक सुरक्षा कड़ी कर दी है। सीमा पर तैनात सशस्त्र जवानों की संख्या करीब छह गुना तक बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध भारतीय सामान भी जब्त किया गया है। वही बॉर्डर पर सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।
नेपाली अधिकारियों के अनुसार, खुली सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। बैतड़ी, कैलाली और कंचनपुर जैसे जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रत्येक सीमा चौकी पर लगभग 60 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इनमें से 30 जवान हथियारों के साथ सक्रिय ड्यूटी पर हैं, जबकि 30 जवानों को रिजर्व में रखा गया है। पहले जहां एक चौकी पर 12 से 15 जवान तैनात रहते थे, अब वहां बड़ी संख्या में बल की तैनाती की गई है।
नेपाल सरकार ने इस फैसले के पीछे अवैध घुसपैठ, तस्करी और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों को मुख्य कारण बताया है। सशस्त्र प्रहरी बल के अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए यह कदम जरूरी था।
इसी कार्रवाई के तहत नेपाल के बैतड़ी जिले में पुलिस ने करीब 21 लाख नेपाली रुपये मूल्य का अवैध सामान जब्त किया है। इसमें बड़ी मात्रा में चीनी, मिश्री और अन्य किराना सामग्री शामिल है, जिसे भारत से बिना कस्टम प्रक्रिया के लाया जा रहा था। जब्त सामान को महाकाली कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है।
नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग और सशस्त्र पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीमा क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाई गई है। आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार और अधिक जवानों की तैनाती की भी संभावना जताई जा रही है।