DESK: पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू के घर नन्ही किलकारी गूंजी है। सिद्धू दादा बन गए हैं और उनके परिवार में इस समय खुशी का माहौल है। उनके बेटे करण सिद्धू और बहू इनायत ने 1 अक्टूबर को बेटी का स्वागत किया। परिवार ने अपनी नन्ही लाडली का नाम आर्या सिद्धू रखा है।


नवजोत सिंह सिद्धू ने पोती के जन्म के करीब तीन दिन बाद अस्पताल से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में उन्होंने फैंस को अपनी नन्ही पोती की पहली झलक भी दिखाई है।


पोती को देखकर भावुक हुए सिद्धू

एक तस्वीर में नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी अपनी पोती का नन्हा हाथ थामे नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में सिद्धू अपनी पोती को पहली बार देखकर भावुक होते दिखाई दे रहे हैं। दादा बनने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही है।


सिद्धू की पत्नी भी अपनी पोती को प्यार से निहारती और दुलारती नजर आईं। तस्वीरों में दादी के चेहरे पर भी पोती के आने की खुशी साफ दिखाई दे रही है।


अभी नहीं दिखाया पोती का चेहरा

नवजोत सिंह सिद्धू ने करीब तीन दिन बाद पोती की पहली झलक तो फैंस के साथ साझा कर दी है, लेकिन उन्होंने अभी आर्या का चेहरा रिवील नहीं किया है। तस्वीरों में बच्ची का चेहरा नजर नहीं आ रहा है।


अस्पताल से तस्वीरें शेयर करते हुए सिद्धू ने कैप्शन में लिखा, “सपना सच हो गया।” उनकी पोस्ट सामने आते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में उन्हें दादा बनने की बधाइयां देनी शुरू कर दीं।


अब फैंस सिद्धू की नन्ही पोती आर्या की एक झलक और उसके चेहरे को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।