KARNATAKA: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य थट्टे हक्कलू नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए थे। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, भटकल तालुक के शिराली गांव के करीब 14 लोग पारंपरिक रूप से नदी में सीपियां इकट्ठा करने के लिए उतरे थे। यह गतिविधि तटीय इलाकों में रहने वाले स्थानीय समुदायों के बीच लंबे समय से प्रचलित है।
तेज बहाव में बह गए लोग
बताया जा रहा है कि लोग नदी के पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सके और गहरे हिस्से में चले गए। इसी दौरान अचानक तेज धारा में एक-दो लोग बहने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण कई लोग पानी में फंस गए और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक आठ शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं। बचाव अभियान में पुलिस, राहत दल और स्थानीय लोग लगातार जुटे हुए हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “कर्नाटक के कारवार जिले में हुई दुखद घटना से मैं बेहद दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बारिश के कारण बढ़ा था नदी का जलस्तर
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया था। इसी वजह से सीपियां इकट्ठा करने गए लोग हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।