NEW DELHI:  मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली है। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश जारी किया है।


आबकारी विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर शराब की दुकानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।


यह आदेश ऐसे समय आया है जब विपक्षी दल कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।


20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है।


अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। साथ ही लोगों से किसी भी अनधिकृत जमावड़े में शामिल होने से बचने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।