Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली के पास उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान टूटकर एक टाटा सूमो वाहन पर गिर गई।
जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो कुल्लू से चंबा जिले के पांगी जा रही थी और टैक्सी के रूप में संचालित हो रही थी। वाहन में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। चालक की पहचान बीर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि कढ़ूनाला क्षेत्र में राहौली के पास पहुंचते ही पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा धंस गया और विशाल चट्टान सीधे वाहन पर आ गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायल दोनों लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसा चंबा जिले के पांगी और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा से सटे क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में अधिकांश लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी थे।
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। पहचान पूरी होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। जिला लाहौल की तिंदी पुलिस चौकी और उदयपुर थाना पुलिस मौके पर मौजूद है तथा मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।