School Viral News: सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला मध्य प्रदेश के मैहर जिले से सामने आया है। यहां कठहा शासकीय विद्यालय में कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के समय एलईडी टीवी पर फिल्म 'धुरंधर' दिखाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, फिल्म दिखाए जाने के दौरान विद्यालय में अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि शैक्षणिक समय में छात्रों को फिल्म दिखाने की अनुमति कैसे दी गई।
इस मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सलोनी शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है और जांच के लिए संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से रिपोर्ट मांगी है।
DEO सलोनी शर्मा ने बताया कि कठहा, मैहर के एक स्कूल में अतिथि शिक्षक का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बच्चे फिल्म देखते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सामने आते ही इसकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।
इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन के समय इस तरह की गतिविधियां उचित हैं? अब शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि फिल्म दिखाने के पीछे क्या कारण था और इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।