Delhi fire incident: दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन कूलिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है।
अधिकारियों ने हताहतों की संख्या में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है क्योंकि बचाव कार्य अभी भी चल रहे हैं। फायर कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद, 14 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने तथा फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बचाव दल ने धुएं के बीच से 12 से अधिक लोगों को बाहर निकाला। अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आग एसी ब्लास्ट के कारण लगी थी। आग का स्रोत और किस मंजिल से आग शुरू हुई, इस पर जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट हुआ था, जिसके बाद आग तीसरी मंजिल तक फैल गई।
जब तीसरी मंजिल पर आग की लपटें पहुंची, तो वहां के लोग खुद को बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद होने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, क्योंकि शवों की हालत बहुत खराब थी।