DESK: इस वक्त की बड़ी खबर छत्तीसगढ़ से आ रही है, जहां दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बस का ब्रेक फेल होने के चलते 6 यात्रियों की मौत हो गयी, वही 40 बुरी तरह से घायल हो गये हैं। आनन-फानन में घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
घटना छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की है, जहां सेमरामठानी मोड़ के पास एक ओवर लोड यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बस सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बस केलहारी गांव की ओर जा रही थी।
यह बात भी सामने आ रही है कि बस ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया था, और जिसके कारण बस पेड़ से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जिसके बाद सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है। वही बस के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के सही कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। वही इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मृतकों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।