DESK: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भीषण गर्मी का असर साफ देखने को मिला। उनके संबोधन के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) का एक कमांडो अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। यह घटना अन्ना कैंटीन के पास हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) के चलते कमांडो को हीट स्ट्रोक हो गया, जिससे वह कार्यक्रम के दौरान ही बेहोश हो गया।
हालांकि मौके पर मौजूद सतर्क सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला। बेहोश कमांडो को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया। राज्य में जारी भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को सलाह दी गई है कि अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।