Flight Tyre Burst: दिल्ली से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट की शुक्रवार को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक टायर फट गया। विमान में 37 यात्री और 4 क्रू सदस्य समेत कुल 41 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड कर रही थी। इसी दौरान विमान के बाईं ओर का टायर पंचर होकर फट गया।
टायर फटने के बावजूद विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर रुक गया। इसके बाद विमान में सवार सभी 41 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद अलायंस एयर ने बिलासपुर से आगे जाने वाली अपनी फ्लाइट को भी रद्द कर दिया। घटना के कारणों और विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है।