Firecracker Factory Fire: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में आग लगने के बाद कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।



स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही समय बाद फैक्ट्री के अंदर लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें पांच घायलों का इलाज एलजी अस्पताल में और चार घायलों का सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायल भी विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।



जानकारी के अनुसार, टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त समेत नगर निगम और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।



पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने और फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।