Navratri 2026: शारदीय नवरात्र के महासप्तमी के अवसर पर गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंगला आरती के बाद भक्तों ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
फूलों से सजा मां का गर्भगृह और विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं, बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महासप्तमी के मौके पर थावे दुर्गा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मां कालरात्रि के दर्शन के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने पूरी टीम के साथ थावे दुर्गा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सप्तमी, अष्टमी, नवमी और आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को मां के दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। होमगार्ड परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु अपने वाहन निर्धारित स्थल पर खड़ा कर पैदल मंदिर पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि भीड़ के बावजूद व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
एसपी विनय तिवारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर में आने-जाने के लिए निर्धारित रास्तों और कतारों का पालन करें। पुलिस और प्रशासन का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम तरीके से मां का दर्शन कराया जा सके। महासप्तमी पर उमड़ी भीड़ के बीच प्रशासन की नजर अब आगामी दिनों में होने वाली श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही पर टिकी है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज





